खरसियाछत्तीसगढ़

खरसिया में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से गूंजा नगर…

खरसिया:जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के करारा जवाब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर समूचे देश में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है। इसी क्रम में शनिवार की शाम खरसिया नगर में एक ऐतिहासिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा शाम 05:00 बजे खरसिया चौकी से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची।

https://twitter.com/umeshpatelcgpyc/status/1923934830737117514?t=mfP8m3DP4EyF6YDg8A3BaA&s=19

मीडिया जानकारी अनुसार इस भव्य आयोजन का नेतृत्व स्थानीय पुलिस परिवार ने किया,जिसमें खरसिया विधायक उमेश पटेल,कमल गर्ग अध्यक्ष नगर पालिका परिषद खरसिया सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों,युवाओं,महिला समूहों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा की शुरुआत से लेकर समापन तक वातावरण देशभक्ति के नारों – “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद”, से गूंजता रहा। हर हाथ में लहराता तिरंगा, युवाओं की आँखों में जोश और बुज़ुर्गों के चेहरों पर गर्व की चमक – यह दृश्य किसी उत्सव से कम नहीं था। बच्चे भी इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बने, जिन्होंने देशभक्ति गीतों और रंग-बिरंगे परिधानों से वातावरण को और भी भावनात्मक बना दिया।

यात्रा का आयोजन केवल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उत्सव नहीं था, बल्कि यह हमारे जवानों के अदम्य साहस,बलिदान और कर्तव्यपरायणता को नमन करने का एक सामूहिक प्रयास था। यात्रा एकजुटता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश देने हेतु की गई।

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दीप प्रज्ज्वलन कर मौन रखा गया और सभी उपस्थितों ने भारत की संप्रभुता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विधायक उमेश पटेल ने अपने संबोधन में कहा, “हमारे जवानों ने जो पराक्रम दिखाया है, वह हर भारतीय को गर्व से भर देता है। खरसिया की यह यात्रा उनके सम्मान में नमन है।”

पुलिस परिवार द्वारा आयोजित यह यात्रा न केवल वीर सपूतों को समर्पित थी, बल्कि यह एक प्रेरणा थी हर नागरिक के लिए – कि हम सभी अपने-अपने स्तर पर राष्ट्र की सेवा और एकता के लिए संकल्पित रहें।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता और सुरक्षा का प्रतीक बन गया है। खरसिया की यह तिरंगा यात्रा उस भावना की एक जीवंत झलक थी – जहां हर नागरिक देश के लिए एकजुट है, तत्पर है, और गर्वित है।


Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!