
खरसिया के होनहार युवा सतीश जायसवाल का पुलिस सेवा में चयन
खरसिया।धनतेरस के एक दिन पहले घोषित छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती परीक्षा 2021 के परिणाम ने खरसिया नगर के सतीश जायसवाल के सपने को सच कर दिया है। सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षक हुलस राम जायसवाल और रुकमणी देवी के सुपुत्र सतीश का चयन प्लाटून कमांडर (एसआई) के पद पर हुआ है।
इस सफलता के साथ ही उन्होंने यह साबित किया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के सामने हर चुनौती छोटी पड़ जाती है। सतीश, जिन्होंने स्नातक के बाद साइबर क्राइम और सिक्योरिटी में मास्टर किया, ने वर्ष 2011 की पुलिस भर्ती में इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद अंतिम चयन से चूक जाने के बाद भी हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत करते हुए अपने सपने को पूरा किया।

उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनके अनुज योगेश कुमार जायसवाल,बहू भारती जायसवाल और सूर्यांश जायसवाल इस सफलता से बेहद हर्षित हैं। सतीश ने इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है, जिन्होंने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उनकी इस सफलता पर क्षेत्रवासियों एवं दोस्तों की ओर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। सतीश की इस सफलता ने नगर के अन्य युवाओं को भी प्रेरित किया है कि वे अपने सपनों के प्रति ईमानदार रहकर लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।