
✍️ सच्चिदानंद पटेल @रायगढ़— शालेय शिक्षक संघ रायगढ़ ने संगठन के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सच्चिदानंद पटेल की अगुवाई में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ के.वी. राव से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन पत्र सौंपा।
ज्ञापन में कुल छह बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिसमें प्रमुख रूप से रायगढ़ जिले की प्राथमिक शालाओं में प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति की मांग की गई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रमोशन में कुछ समस्याएं हैं, लेकिन उच्च अधिकारियों से चर्चा के बाद सकारात्मक संकेत मिलने पर शीघ्र पदोन्नति की जाएगी।
इसके अलावा, अनुसूचित क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए 10 दिन का अतिरिक्त विशेष अर्जित अवकाश और 7 दिन का आकस्मिक अवकाश देने की मांग भी की गई, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता से निराकरण का आश्वासन दिया।
संघ ने आहरण संवितरण अधिकारियों द्वारा स्थानीय लेखाकोष से सेवा पुस्तिका का सत्यापन न करने पर भी आपत्ति जताई। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों के जीपीएफ पासबुक संधारण, मेडिकल क्लेम के विलंब, और विभिन्न परीक्षाओं के लिए औपचारिक अनुमति जारी करने की मांगें भी उठाई गईं, जिनका निराकरण शीघ्र करने का भरोसा दिया गया।
ज्ञापन कार्यक्रम में संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे, जिनमें उपाध्यक्ष ठंडा राम कुम्हारा, विकासखंड खरसिया के ब्लॉक सचिव अनुज प्रधान, और अन्य सदस्य शामिल थे।
संघ ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी का धन्यवाद दिया और आशा जताई कि उनकी मांगों का समाधान जल्द किया जाएगा।



