प्रधान आरक्षक समेत 5 लोगों को पीट-पीटकर हत्या…
सुकमा। छत्तीसगढ़ में एक बड़ी घटना सामने आई है। जादू-टोने की शक में प्रधान आरक्षक समेत 05 लोगों की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई है।
हालांकि इस मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 05आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक सुकमा जिले में कोंटा के मुरलीगुड़ा कैंप के पास इटकल गांव के रहने वालों कुछ लोगों को पारिवारिक रूप से कुछ नुकसान हो रहा था। उन्हें शक था कि गांव का एक परिवार उनके ऊपर जादू-टोना कर रहा है। कुछ दिनों से आरोपी पक्ष नुकसान के चलते परेशान था।
इसी बीच रविवार को गांव के 05 लोग उस परिवार के घर में घुस गए। इसके बाद 03 महिलाओं समेत कुल 05 लोगों पर लाठी-डंडे से वार करने लगे। बेरहमी से पिटाई के चलते पांचों लोगों ने दम तोड़ दिया।
इस घटना में प्रधान आरक्षक मौसम कन्ना पिता लच्छा,मौसम बुच्चा पिता कन्ना,मौसम बिरी पति मौसम कन्ना,करका लच्छी पति करका लच्छा, मौसम अरजो पति मौसम बुच्चा की मौत हो गई है।
इस पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी सवलम राजेश पिता सवलम कन्ना, सवलम हिड़मा पिता सवलम लच्छा, कारम सत्यम पिता कारम रामा, कुंजाम मुकेश पिता कुंजाम कन्ना व पोड़ियाम एंका पिता पोड़ियाम जोगा को गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले बलौदाबाजार में भी ऐसी घटना
इस घटना के तीन दिन पहले यानी 12 सितंबर को भी बलौदाबाजार में टोनही का संदेह जताते हुए एक ही परिवार के चार लोगों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतकों में दो बहनें, एक भाई और एक बच्चा है। आरोपियों ने 45 वर्षीय भाई चेतराम केवट, यशोदा बाई, जमुना और उसके 11 माह के बच्चे को मार डाला। कसडोल पुलिस ने तीन संदेहियों रामनाथ पाटले व उनके बेटों दीपक व दिल कुमार को हिरासत में लिया है।




