
अकलतरा। आघोरपीठ जनसेवा अभेद्य आश्रम ट्रस्ट पोड़ी दल्हा अकलतरा में अवधूत भगवान राम जी की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

यह आयोजन कापालिक धरम रक्षित रामजी बाबाजी के स्नेही गोपाल राम जी के सानिध्य में संपन्न हुआ।
आश्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, और सभी ने इस अवसर पर भगवान अवधूत राम जी के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।
इस पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और संत समागम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन हवन और यज्ञ से हुई, जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद, कापालिक धरम रक्षित रामजी बाबाजी ने भगवान अवधूत राम जी के जीवन और उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए प्रवचन दिया।

उन्होंने कहा कि भगवान अवधूत राम जी की शिक्षाएँ आज भी मानवता को सही मार्ग दिखाने में सक्षम हैं और उनके आघोरी मार्ग के सिद्धांत हमें आत्मज्ञान की ओर प्रेरित करते हैं।

अघोर पीठ जनसेवा अभेद्य आश्रम पोड़ी दल्हा आश्रम परिसर में दिनभर भक्ति गीतों और भजनों का आयोजन भी होता रहा, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता और भक्ति की अनुभूति से भर दिया।

इस पावन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, भक्तों और संतों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।