
जोबी: शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय, जोबी-बर्रा में गुरुवार को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की खासियत यह रही कि विद्यार्थियों ने आयोजन के सभी पहलुओं का सफलतापूर्वक संचालन किया,जिससे गुरुजन गदगद हो उठे।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के वंदन से हुआ। प्राचार्य रविंद्र कुमार थवाईत ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र राठिया द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक सुरेंद्र पाल दर्शन ने शिक्षा पर स्व-रचित कविता प्रस्तुत की, जबकि वासुदेव प्रसाद पटेल ने क्रीड़ा और संस्कृति पर प्रेरणादायक शेर-ओ-शायरी के माध्यम से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया। सहायक प्राध्यापक योगेंद्र कुमार राठिया ने विद्यार्थियों को चुटकुलों के माध्यम से हंसी-मजाक में गणित के महत्व को समझाया, जिससे सभा में ठहाकों की गूंज सुनाई दी।

समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने गुरुओं का सम्मान कलम, डायरी, किताबें, फूल-माला और गुलदस्तों से किया। सभी ने मिलकर जलपान का आनंद लिया। छात्रा कुमारी नेहा राठिया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर उपस्थित पूर्व छात्र एवं छात्र संघ के पदाधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अतिथि व्याख्याता राम नारायण जांगड़े, श्रीमती रेवती राठिया, शैक्षणिक स्टाफ सुश्री भूमिका देवांगन, मुख्य लिपिक पीएल अनंत, प्रयोगशाला तकनीशियन एलआर लास्कर, और अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
समारोह ने गुरु-शिष्य के रिश्ते की महत्ता को एक बार फिर उजागर किया, जिससे सभी गुरुजन और विद्यार्थी हर्षोल्लास से भरे नजर आए।



