
रायगढ़ । विकासखण्ड पुसौर के ग्राम-खोखरा में नवीन पट्टाधारक मत्स्य कृषकों को मछली पालन के संबंध में 25 नवम्बर 2020 से 10 दिवसीय मछुआ प्रशिक्षण ग्राम पंचायत भवन में 75 कृषकों को कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुये 2 पाली में दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारियों द्वारा मछली पालने के पूर्व तालाब तैयारी, मत्स्य बीज संचयन, मछली की बीमारी तथा मत्स्य बीज उत्पादन वं संवर्धन एवं मछलियों को बाजार तक सुरक्षित पहुंचाने का तारीका एवं मछली पालन के संबंध में अन्य जानकारी दी गई। इस मौके पर खोखरा, लोहरसिंग, कोतमरा, तेलगी, मिड़मिड़ा, गोतमा, सूपा आदि जगहों के कुल 75 मत्स्य कृषक प्रशिक्षण में उपस्थित थे।
मछुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन ग्राम पंचायत भवन/स्कूल मैदान के बीच के प्रांगढ़ में किया गया। जिसमें प्रशिक्षणार्थियों को जाल बुनने हेतु नायलोन धागा को वितरण जनप्रतिनिधियों से कराया गया एवं प्रति मत्स्य कृषक (प्रशिक्षणार्थी)को प्रतिदिवस के हिसाब से प्रशिक्षण भत्ता 75 रुपये प्रति दिवस के हिसाब से 10 दिवस का 750 रुपये उनके खाते में जमा कराया जायेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य आकाश मिश्रा, जनपद अध्यक्ष सुशील भोय, जनपद उपाध्यक्ष गोपी चौधरी, कृषि सभापति रामनारायण नंदे एवं विधायक प्रतिनिधि नरेश तिवारी, क्षेत्र के बीडीसी तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित हुये।




