मप्र के डिंडौरी जिले में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वाहन पलटा, 14 लोगों की मौत, 20 घायल, सीएम ने की मदद की घोषणा

अधिकांश मृतक अमहाई देवरी निवासी हैं। मृतकों में छह पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं।
शहपुरा। जिले के शहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम बड़झर घाट में बुधवार की रात लगभग डेढ़ बजे पिकअप वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 20 घायल हो गए। रात में पुलिस तक जानकारी विलंब से पहुंची।इसी के चलते लगभग डेढ़ घंटे तक घायल मौके पर ही तड़पते रहे। पिकअप वाहन 20 फीट नीचे खेत में जाकर पलट गया।
सुबह चार बजे घायलों को शहपुरा लाया गया
लगभग 4 बजे सुबह घायलों को 108 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लाया गया। 20 घायलों में एक की हालत ज्यादा गंभीर होने से उसे जबलपुर रेफर किया गया है।
मंडला जिले से लौट रहे थे लोग
बताया गया कि डिंडौरी जिले के शहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम अमहाई देवरी निवासी लोग मंडला जिले के मसूर घुघरी चौक समारोह बरहो में शामिल होने गए हुए थे।रात में लगभग 1:30 बजे लौटते समय तेज रफ्तार पिकअप वाहन घाट में अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में वाहन चालक को भी चोट लगी है।
अस्पताल में लोगों का हुजूम
जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में लोगों का अस्पताल में गुरुवार की सुबह जमावड़ा लग गया है। बताया गया कि दुर्घटना में मदन सिंह आर्मो 50 वर्ष, पीतम बरकड़े 16 वर्ष, पुन्नू पिता रामलाल 55 वर्ष, भद्दी बाई 35 वर्ष, सेम बाई पति रमेश 40 वर्ष, लाल सिंह 53 वर्ष, मुलिया 60 वर्ष, तितरी बाई 50 वर्ष, सावित्री 55 वर्ष, सरजू 45 वर्ष, रामी बाई 35 वर्ष, बसंती 30 वर्ष,रामवती 30 वर्ष, कृपाल 45 वर्ष की मौके पर मौत हुई है।
अमहाई देवरी निवासी
अधिकांश मृतक अमहाई देवरी निवासी हैं। मृतकों में छह पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। मृतकों और घायलों में अमहाई देवरी के साथ पोड़ी,धमनी,सजनिया निवासी लोग बताए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की विवेचना कर रही है। जानकारी लगते ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए हैं।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता
इस घटना पर मुख्यमंत्री द्वारा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के साथ घायलों का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं।
रेडक्रॉस से तत्काल राहत राशि दी
कलेक्टर डिंडोरी द्वारा सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए रेडक्रॉस से तत्काल राहत राशि प्रदान की गई है। मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपये, घायलों को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है। मृतकों की अंत्येष्टि के लिए पीड़ित परिवार को सहायता राशि 5-5 हजार रुपये एवं घायलों को संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।



