
खरसिया। महिला जागरण मंडल द्वारा 20 सितंबर को सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन कार्यक्रम टाउन हॉल मैदान खरसिया में संपन्न होगा। उपरोक्त कार्यक्रम में 401 जोड़ों द्वारा उद्यापन किया जाएगा।
सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन में शामिल होने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा एवं कोलकाता से उद्यापनकर्ता पहुंचेंगे। वहीं कथावाचक पुनीत कृष्ण महाराज वृंदावन के मार्गदर्शन में 21 विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से उद्यापन संपन्न कराया जाएगा। विदित हो कि इनके सानिध्य में अकलतरा में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। ऋषि पंचमी एवं तुलसी विवाह उद्यापन के लिए पंडित पुनीत कृष्ण पूरे हिंदुस्तान में विशेष रूप से जाने जाते हैं। महिला जागरण मंडल की अध्यक्ष कौशल्या देवी अग्रवाल ने बताया कि उद्यापनकर्ताओं का स्वागत बैंड-बाजे के साथ राजस्थानी वेशभूषा में महिलाओं द्वारा किया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम आकर्षक झाकियों एवं संगीतमय भजनों के साथ संपन्न होगा। सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाली महिलाओं एवं पुरुषों की टीम जोर-शोर से पूरे उत्साह के साथ तैयारीयों में लगी हुई है। पूजा में बैठने वाले उद्यापनकर्ताओं को समस्त पूजा सामग्री समिति द्वारा दी जाएगी।




