देश /विदेश

पी. मुरलीधर राव मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी नियुक्त, विजयवर्गीय बने रहेंगे बंगाल के प्रदेश प्रभारी

भोपाल। भाजपा संगठन में कई बदलाव किए गए हैं। आंध्र प्रदेश के भाजपा नेता पी. मुरलीधर राव को मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र की पंकजा मुंडे और विश्वेश्वर टुडू को सह प्रभारी बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय बंगाल के प्रदेश प्रभारी बने रहेंगे, वहीं लंबे समय तक मध्य प्रदेश में प्रदेश संगठन महामंत्री रहे अरविंद मेनन को बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है। मध्य प्रदेश के दो वरिष्ठ नेताओं को महाराष्ट्र का सह प्रभारी बनाया गया है। पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया और ओम प्रकाश धुर्वे, दोनों ही महाराष्ट्र के सह प्रभारी की कमान संभालेंगे। प्रदेश के यह दोनों ही नेता 2018 में विधानसभा का चुनाव हार गए थे। अब तक डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी थे।

महाराष्ट्र की पंकजा मुंडे और विश्वेश्वर टुडू को मप्र में सह प्रभारी बनाया

राव भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की टीम में राष्ट्रीय महासचिव हुआ करते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य कारणों से वे संगठन की गतिविधियों में कम सक्रिय रहे हैं। राव स्वदेशी जागरण मंच से भी जुड़े रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक राव के सहयोगी के रूप में महाराष्ट्र की नेता पंकजा मुंडे और विश्वेश्वर टुडू द्वारा प्रदेश के संगठन कार्यो पर नजर रखी जाएगी। सह प्रभारी बनाए गए दोनों ही नेता मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के समकक्ष ही हैं। इसलिए माना जा रहा है कि आने वाले समय में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में भी अधिकांश नए चेहरे शामिल किए जाएंगे।

पार्टी नेताओं के मुताबिक पंकजा मुंडे भी महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से खुद को उपेक्षित महसूस कर रही थीं इसीलिए उन्हें मध्य प्रदेश का सह प्रभारी बनाकर जिम्मेदारी बढ़ाई गई है। इसी तरह भारतीय भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को बंगाल के चुनाव तक प्रदेश प्रभारी बनाए रखने पर सहमति बनी है। पेशे से इंजीनियर और ओडिशा के रहने वाले विश्वेश्वर टुडू राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से नजदीकी रहे हैं।

उद्घव ठाकरे से मुकाबला करेंगे पवैया

भाजपा सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र में शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन की उद्घव ठाकरे सरकार से लोहा लेने के लिए पार्टी ने बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया को सह प्रभारी की कमान सौंपी है। माना जा रहा है कि ठाकरे से पवैया के दो-दो हाथ होंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आ जाने के बाद जयभान सिंह पवैया खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। मध्य प्रदेश में उपचुनाव के दौरान पवैया की सक्रियता के चलते उन्हें पार्टी ने महाराष्ट्र में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!