Uncategorised

कोरोना देश में अब तक 65.47 लाख केस : पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात समेत 7 राज्यों में मौत की दर करीब 2-3%, यह राष्ट्रीय दर से ज्यादा, 14 राज्यों में यह 1% से भी कम

देश में कोरोना के एक्टिव केस में फिर एक बार गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को 75 हजार 479 केस आए, 81 हजार 655 मरीज ठीक हो गए और 937 मरीजों की मौत हो गई, इस तरह एक्टिव केस में 7116 की कमी आई। देश में कोरोना से हो रहीं मौत की औसत दर 1.6% है। इनमें पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और पुड्‌डुचेरी में यह 2-3% है।

मौत की दर सबसे ज्यादा पंजाब में 3% है। इसके बाद महाराष्ट्र में 2.6%, गुजरात में 2.5%, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और पुड्‌डुचेरी में यह 1.9%, जबकि मध्यप्रदेश में 1.8% है।

झारखंड, छत्तीसगढ़, मेघालय, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, तेलंगाना, बिहार, ओडिशा, असम, केरल, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली और मिजोरम में यह एक फीसदी से भी कम है। मिजोरम में तो अब तक 2103 केस आ चुके हैं, लेकिन राहत की बात है कि अब तक एक भी मौत नहीं हुई है।

अब तक 65 लाख 47 हजार 413 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 55 लाख 6 हजार 732 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 37 हजार 942 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

अब तक 7.89 करोड़ टेस्ट हुए

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने रविवार को बताया कि देश में शनिवार को 11.42 लाख जांच की गईं। अब तक 7.89 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। टेस्टिंग के मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। 16 करोड़ टेस्ट के साथ चीन पहले और 11 करोड़ केस के साथ अमेरिका दूसरे नंबर पर हैं।

पांच राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश

शनिवार को राज्य में 1,811 नए केस सामने आए और 2,101 लोग ठीक हुए। 27 संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक 1 लाख 33 हजार 918 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 1 लाख 11 हजार 712 लोग ठीक हो चुके हैं। 19 लाख 807 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 2 हजार 399 संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है।

राजस्थान

राज्य में शनिवार को 2,150 नए केस सामने आए। 2,003 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया और 14 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 1 लाख 41 हजार 846 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 19 हजार 241 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 21 हजार 75 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 1 हजार 530 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बिहार

शनिवार को राज्य में 983 नए केस सामने आए। अच्छी बात है कि ठीक होने वालों की संख्या नए केस से कहीं ज्यादा थी। 24 घंटे के अंदर 1,431 मरीज ऐसे डिस्चार्ज किए गए जो बिल्कुल ठीक हो चुके हैं। राज्य में अब तक 1 लाख 86 हजार 690 लोग संक्रमण के चपेट में आ चुके हैं। 1 लाख 73 हजार 795 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 11 हजार 982 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अब तक 912 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

उत्तरप्रदेश

राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 4 लाख 10 हजार 626 हो गई है। पिछले 24 घंटे के अंदर 3,631 नए केस बढ़े। 4,860 लोग ठीक भी हो गए। अब तक 3 लाख 56 हजार 826 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 47 हजार 823 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 5,977 मरीजों की मौत हो चुकी है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!