देश /विदेश

बिहार में JDU-BJP के बीच सीटों पर बनी सहमति! आज हो सकती है घोषणा

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं. महागठबंधन ने सीटों का ऐलान कर दिया है और अब बारी NDA की है. सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर आज BJP की चुनाव समिति की बैठक होनी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक JDU और BJP के बीच 50:50 पर सहमति बन गई है. नीतीश कुमार  की JDU के खाते में 122 सीटें आ सकती हैं और इनमें से ही जीतन राम मांझी की हम पार्टी को भी सीटें दी जाएगी. वहीं, BJP के खाते में 121 सीटें आ सकती हैं. वहीं, चिराग पासवान की बात की जाए तो LJP को भारतीय जनता पार्टी अपने हिस्से में से सीट दे सकती है. हालांकि LJP NDA गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी या नहीं इसका फैसला फिलहाल होना बाकी है.

शनिवार को LJP की इसी मुद्दे को लेकर बैठक होनी थी, लेकिन राम विलास पासवान की सेहत बिगड़ने की वजह से बैठक को टाल दिया गया. बता दें कि सीटों के मुद्दे पर चिराग और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की कई बैठक हो चुकी है. हालांकि बीते कुछ दिनों से ही जनता दल यूनाइटेड (JDU) और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के बीच काफी तल्खी देखी जा रही है. एक दिन पहले भी चिराग पासवान की भाजपा के वरिष्ठ नेताओ से बात हुई, जिसके बाद कहा जा रहा है कि चिराग अपनी बात पर अड़े हुए हैं और बात नहीं बन पाई है

उधर, महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 144 सीटों पर चुनाव लड़ेगी तो वहीं कांग्रेस को 70 सीटें मिली हैं. शनिवार शाम को महागठबंधन ने घटक दलों को आवंटित सीटों के बारे में औपचारिक घोषणा कर दी. इसके साथ-साथ तेजस्वी यादव महागठबंधन के CM पद के उम्मीदवार होंगे. महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में सीपीएम-4, सीपीआई-6, सीपीआई (माले)- 19, कांग्रेस-70 और RJD-144 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

बता दें कि पहले चरण के तहत राज्य की 243 में से 71 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है. इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हो गई है, जो आठ अक्टूबर तक चलेगी. लोजपा ने संकेत दिए हैं कि यदि सीटों का ‘सम्मानजनक’ बंटवारा नहीं हुआ तो वह राज्य की 143 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. वर्ष 2015 के चुनाव में लोजपा 42 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसे महज दो ही सीटों पर जीत मिल सकी थी.

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!