रायगढ़ में क्रिसमस की धूम…गिरजाघरों में सुबह प्रार्थना सभा, कैरोल और यीशु भजनों की गूंज… इधर गार्डन और पिकनिक स्पॉट में भी पूरे दिन लोगों की भीड़


रविवार को क्रिसमस पर गिरजाघरों में सुबह से ही विशेष प्रार्थना सभा के साथ प्रभु यीशु के जन्मदिन पर सेलिब्रेशन चलता रहा। देर शाम तक गिरजाघरों में भीड़ जुटी रही। शनिवार देर रात 12 बजे केक काटकर, नृत्य नाटिका और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से प्रभु यीशु के जन्मदिन को सेलिब्रेट किया गया था। रामभाठा स्थित संत माइकल चर्च और विश्वासगढ़ चर्च में बड़ी संख्या में मसीही जुटे। प्रभु यीशु के संदेश सुनाए गए। रविवार सुबह चर्च में सभी समुदाय के लोगों की भीड़ रही।
लोग अपने मित्रों और परिचितों को बधाई देने पहुंचे। रविवार को क्रिसमस के मौके पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ जाे सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला। इसके बाद लोग प्रभु यीशु के पास अपनी मन्नत को पूरी करने को लेकर पहुंचते रहे। चरनी को सजाकर प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाया। वहीं लोग दिनभर मोमबत्ती जलाने पहुंचते रहे। कैरोल सिंगिंग गा करके प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
कैरोल और यीशु भजनों की गूंज
विश्ववासगढ़ चर्च में प्रार्थना सभा खत्म होने के बाद प्रभु ईशु से जुड़े गीत मेरा येशू है कमाल का…., उसके जैसा कोई नहीं, आया मसीह दुनिया में तू… गाकर, युवा समूह बनाकर ढोल- ताशे के साथ झूमे और डांस कर क्रिसमस सेलिब्रेट किया। इसके पहले समाज के लोगों ने गले लगा एक-दूसरे को बधाई दी। प्रार्थना सभा में इसमें सुमेन्दु अधिकारी और अजय लाल ने प्रभु यीशु के जन्म का उद्देश्य बताया।
देर शाम को भी गिरजाघरों में भीड़
कोरोना संक्रमण के बाद गिरजाघरों में पूरे धूमधाम के साथ क्रिसमस मनाया गया। इस दौरान देर शाम तक लोग विश्वासगढ़ चर्च में जुटे थे। लोगों ने प्रभु यीशु के जन्मदिन में प्रार्थनाएं कीं और मोमबत्ती जलाकर प्रभु को याद किया। वहीं गिरजाघरों में अब अगले एक हफ्ते न्यू ईयर तक कई तरह कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित होंगे।
इधर गार्डन और पिकनिक स्पॉट में भी पूरे दिन लोगों की भीड़
क्रिसमस और रविवार की छुट्टी होने की वजह से गार्डन और पिकनिक स्पॉट पर काफी ज्यादा भीड़ जुटी। शहर के पास इंदिरा विहार, लाखा स्थित केलो गार्डन और रामझरना जैसे पर्यटन स्थल, पिकनिक स्पॉटों में लोग अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ पहुंचे। सबसे ज्यादा भीड़ केलो गार्डन के अलावा रामझरना और सारंगढ़ के गोमर्डा अभयारण्य में भी लोग घूमने के लिए पहुंचे। न्यू ईयर तक इन जगहों हर रोज भीड़ जुटेगी।

न्यूज साभार दैनिक भास्कर





