नुआखाई मिट्टी,मेहनत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व :उमेश नन्द कुमार पटेल

खरसिया। नई फसल की पहली खुशबू, मिट्टी की सौंधी महक और अन्नदाता के अथक परिश्रम को नमन करने वाले पावन पर्व नुआखाई पर खरसिया विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल ने क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किसानों के सुख-समृद्धि, भरपूर फसल और प्रत्येक परिवार के सुख-शांति की मंगलकामना की।
विधायक पटेल ने कहा कि नुआखाई केवल नई फसल का उत्सव नहीं, बल्कि धरती मां,प्रकृति और उस किसान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है, जिसके पसीने से अन्न के दाने हमारे घरों तक पहुंचते हैं। खेतों में लहलहाती फसल किसान के श्रम, प्रकृति की कृपा और हमारी समृद्ध कृषि संस्कृति का जीवंत प्रतीक है।
https://www.facebook.com/share/p/1Dc49Dfn84/
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी माटी,खेती-किसानी और लोकपरंपराओं से गहराई से जुड़ी है। नुआखाई हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने, अन्न का सम्मान करने और परिवार एवं समाज में प्रेम,आत्मीयता तथा भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है।
विधायक पटेल ने कामना की कि किसानों के खेत सदैव हरियाली से लहलहाते रहें, अन्न के भंडार भरे रहें और हर अन्नदाता के घर-आंगन में समृद्धि की खुशियां उतरें। नुआखाई का यह पावन पर्व प्रदेश में सुख,शांति, सद्भाव और खुशहाली की नई फसल लेकर आए।




