किसानों का हित सर्वोपरि-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

किसानों का हित सर्वोपरि-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
धान खरीदी में आयी तेजी और किसानों के चेहरे पर खुशी
धान खरीदी केन्द्र लोईंग में बड़ी संख्या में धान का विक्रय करने पहुंचे किसान

रायगढ़, 10 दिसम्बर 2019/ धान खरीदी केन्द्र सेवा सहकारी समिति लोईंग में आज बड़ी संख्या में समर्थन मूल्य में धान का विक्रय करने पहुंचे किसानों के चेहरों पर खुशी थी। जिले में धान खरीदी में तेजी आयी है और किसान टोकन लेकर अपने धान की तौलाई करा रहे थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि किसानों का हित सर्वोपरि है और किसानों को राज्य शासन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया है कि किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। राज्य शासन किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विटल के मान से धान खरीदी कर रही है। इसके लिए धान खरीदी का समय या धान खरीदी किश्तों की संख्या बढ़ाई जाएगी। केन्द्र शासन द्वारा धान के लिए 1815 रुपये का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। खरीदी की राशि किसानों के खाते में जमा की जा रही है। राज्य शासन की ओर से किए गए वादे के अनुसार नई योजना बनाकर अंतर राशि का भुगतान करते हुए 2500 रुपए धान की कीमत दी जाएगी।
महापल्ली निवासी बुजुर्ग किसान दशरथ गुप्ता ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए बताया कि खेती-किसानी ही उनके आजीविका का साधन है और आज वे यहां अपने सवा तीन एकड़ की जमीन के 32 क्ंिवटल धान बेचने आये है। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं के प्रति संतोष जाहिर किया। महापल्ली के किसान शेष चरण गुप्ता ने बताया कि उनकी 12 एकड़ जमीन है और वे 50 क्विटल धान बेचने आये है। वहीं डूमरपाली के लोकनाथ ने बताया कि आज वे 48 क्ंिवटल धान बेचने आये है। महापल्ली के लक्ष्मीप्रसाद 36 क्विटल, तरंग राम विश्वाल 28 क्विटल धान का विक्रय करने लेकर आये थे। धान खरीदी केन्द्र में पेयजल, किसानों के बैठने के लिए व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता, तराजू-बाट सेट, प्राथमिक उपचार की पेटी, कम्प्यूटर की व्यवस्था की गई थी। किसान कतार में खड़े होकर बारी-बारी से अपने धान की तौलाई करा रहे थे।




