रायगढ़ में दो घंटे रहा चक्का जाम,खरसिया विधायक उमेश पटेल ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप…

https://thedehati.com/?p=155004
📍 गिरीश राठिया @रायगढ़।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर में कांग्रेस पार्टी ने चक्काजाम कर भाजपा सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन किया। रायगढ़ में भी जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के संयुक्त नेतृत्व में कोतरा रोड पर आर्थिक नाकेबंदी की गई, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा।
इस विरोध प्रदर्शन में खरसिया विधायक उमेश नंदकुमार पटेल, लैलूंगा विधायक विद्यावति सिदार, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भारी संख्या में शामिल हुए।
🌳 जल-जंगल-जमीन को लूट रही है भाजपा सरकार में- उमेश पटेल
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक उमेश पटेल ने राज्य सरकार पर छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा को लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,
“बस्तर और तमनार में जंगल कट गए, सरगुजा में पेड़ों की अवैध कटाई हुई लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। यह जल-जंगल-जमीन को बचाने की लड़ाई है, जिसे कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लड़ रहा है।”
उमेश पटेल ने कोयले के व्यापार में कमीशनखोरी और राइस मिलरों से अवैध वसूली के आरोप भी लगाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सीएसआर और डीएमएफ राशि का दुरुपयोग कर रायगढ़ में कथित विकास के नाम पर आदिवासी क्षेत्रों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनते ही इन सभी मामलों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👩🦰 महिला, युवा और छात्र संगठन की जोरदार भागीदारी
इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ईडी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया गया। दोपहर होते-होते प्रदर्शनकारियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होती रही।
🏛️ “सरकारी एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग” – अनिल शुक्ला
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने केंद्र सरकार पर सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,
“भाजपा आज देश में जो भी विपक्षी आवाज उठती है, उसे दबाने के लिए जांच एजेंसियों का हथियार बनाकर इस्तेमाल कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी ईडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।”
❌ “हर मोर्चे पर विफल है सरकार” – नगेंद्र नेगी
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 18 महीनों में हर मोर्चे पर विफल रही है।
“शिक्षा, रोजगार और कृषि की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। यह सरकार केवल उद्योगपतियों के इशारे पर चल रही है। जनता की समस्याओं की ओर इसका कोई ध्यान नहीं है।”
नेगी ने रायगढ़ के सफल चक्काजाम के लिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार जताया।




