
मल्लिकार्जुन खड़गे के आगमन से पहले रायगढ़ में कांग्रेस की तीखी प्रेस वार्ता
रायगढ़। आगामी 7 जुलाई को रायपुर में आयोजित होने जा रही कांग्रेस की “किसान, जवान और संविधान बचाओ” रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को रायगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी जरीता लैतफलांग, खरसिया विधायक उमेश पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला समेत अन्य नेताओं ने भाग लिया।
https://twitter.com/umeshpatelcgpyc/status/1939999644244955432?t=6v0o7o5t17ZwoDzlqARL1A&s=19
उन्होंने कहा कि सरकार को त्वरित जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और वन क्षेत्र की अवैध कटाई पर रोक लगानी चाहिए। साथ ही शिक्षा विभाग पर सवाल खड़े करते हुए कहा, मुख्यमंत्री के पास शिक्षा विभाग होते हुए भी सरकार 50 हजार शिक्षकों के पद समाप्त कर रही है। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों की हालत खराब है और आउटसोर्सिंग के जरिए स्थानीय युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।
विधायक उमेश पटेल ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, सुशासन की बात अब सिर्फ जुमला बनकर रह गई है। पिछले डेढ़ साल में प्रदेश के आदिवासी, किसान और मजदूर वर्ग सबसे अधिक पीड़ित हुए हैं। किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि तमनार क्षेत्र में जंगलों की अवैध कटाई की जा रही है, जो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि आदिवासियों के अधिकारों पर भी हमला है।
प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग ने छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन पर तंज कसते हुए कहा, धान का कटोरा कहे जाने वाले प्रदेश में आज किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। सरकार ने 10 हजार स्कूल बंद कर दिए लेकिन कई शराब दुकानें खोल दीं। यह प्रदेश को किस दिशा में ले जाने की कोशिश है?
उन्होंने जानकारी दी कि 7 जुलाई को रायपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में विशाल रैली का आयोजन होगा, जिसमें किसान, जवान और संविधान जैसे अहम मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी।
प्रेस वार्ता में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, अरुण गुप्ता, दीपक पांडेय, युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल, प्रवक्ता रिंकी पांडेय, विकास शर्मा, वसीम खान, दयाराम धुर्वे, बरखा सिंह, वीनू बेगम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।




